श्रावण मास की तैयारियों को लेकर अलर्ट मोड में सोनभद्र प्रशासन, डीएम व एसपी ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

SHARE:

सोनभद्र। आगामी श्रावण मास के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों और मेला क्षेत्रों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सोमवार को पुलिस लाइन कॉन्फ्रेंस हॉल में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और जनसुविधाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत तथा विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसरों और संपर्क मार्गों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं समय से पूरी कर ली जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को प्रमुख मंदिरों व मेला स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा महिला सुरक्षा के लिए विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। प्रमुख मार्गों पर पार्किंग स्थलों का निर्धारण, पैदल व वाहन चालकों के लिए अलग-अलग लेन तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेला स्थलों पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी और एसपी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now