यूपी के वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी, 3.50 लाख शिक्षकों और परिजनों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा

SHARE:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के 2500 से अधिक वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 3.50 लाख से अधिक शिक्षकों को अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शासन स्तर पर शुरू कर दी गई है। शासन ने इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक को निर्देश जारी करते हुए पात्र शिक्षकों का तत्काल चिन्हांकन करने और पोर्टल पर उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा है।

उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को इस योजना के दायरे में लाया गया था, लेकिन उस समय वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों का अधिकृत आंकड़ा न होने के कारण उनके लिए अलग से व्यवस्था करने की बात कही गई थी। इसी कड़ी में अब माध्यमिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव उमेश चंद्र द्वारा नए आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को ‘सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के लिए विशेष रूप से विकसित पोर्टल पर अपना और अपने आश्रितों का विवरण आधार कार्ड के अनुसार दर्ज कराकर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।

पंजीकरण प्रक्रिया के तहत संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रधानाचार्य आवेदन पत्रों का गहन सत्यापन करेंगे, जिसमें शिक्षक की नियमानुसार नियुक्ति और वर्तमान में कार्यरत होने की पुष्टि की जाएगी। यदि कोई शिक्षक किसी कारणवश विद्यालय छोड़ता है या सेवामुक्त होता है, तो प्रधानाचार्य इसकी तत्काल सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को देंगे ताकि ऐसे लोगों को योजना से बाहर किया जा सके। प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित किए गए आवेदनों का अंतिम अनुमोदन डीआईओएस द्वितीय करेंगे और सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही आवेदन को अंतिम रूप से स्वीकृति दी जाएगी। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) को त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर, राजकीय एवं एडेड विद्यालयों में अब तक लगभग 55 हजार शिक्षकों और उनके आश्रितों को मिलाकर 1.72 लाख लोगों का पंजीकरण पूरा किया जा चुका है, जबकि 10 हजार आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। शासन के इस कदम से प्रदेश के लाखों वित्तविहीन शिक्षकों में खुशी की लहर है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now