सोनभद्र। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी तथा धर्मगुरुओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद के विभिन्न धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा का आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ न होने दी जाए तथा सभी उप जिलाधिकारी (एसडीएम) एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण करें। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कांवड़ यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा चिकित्सा सुविधाओं को समयबद्ध रूप से दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने यात्रा मार्गों पर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक संदेशों पर तत्काल प्रभावी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी से अपील की कि धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं व प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण आश्वस्त किया कि सोनभद्र में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा पूर्व की भांति आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के वातावरण में ही संपन्न कराई जाएगी।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





