शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोनभद्र में उबला छात्र आक्रोश, किया जोरदार प्रदर्शन

SHARE:

सोनभद्र। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को सोनभद्र नगर में छात्रों का जोरदार आक्रोश देखने को मिला। सुप्रिया सिंह राजपूत के नेतृत्व में छात्रों ने सड़कों पर उतरकर एक विशाल और प्रखर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी आवाज़ बुलंद की और कड़ा विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान एकत्रित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सुप्रिया सिंह राजपूत ने कहा कि देश में लगातार विद्यार्थियों के भविष्य और उनके अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में उत्पन्न विषम परिस्थितियों और अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना होगा। जब तक देश के छात्रों को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई और आंदोलन थमने वाला नहीं है।

वहीं, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता एवं अर्पिता सिंह ने संयुक्त रूप से कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेकर ही दम लेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि संगठन छात्रों के हक और सम्मान की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रहा है। यदि सरकार ने छात्रों की जायज मांगों और उनकी आवाज को अनसुना करने का प्रयास जारी रखा, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में सोनभद्र से लेकर पूरे प्रदेश में और भी व्यापक तथा उग्र रूप धारण करेगा।  इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से संदीप गुप्ता, सोनाक्षी श्रीवास्तव, सच्ची गुप्ता, खुशी, अनुष्का सोनकर, प्राची, प्रियांशु अग्रवाल, आदित्य सिंह, तनिष्क मौर्य, विवेक सिंह, सुजीत गुप्ता, रवि मद्धेशिया, शिवांशु गोस्वामी, रोहित जाटव, आशीष कुमार, दिव्यांशी सिंह, आकाश कुमार, प्रियांशु गुप्ता, युवराज गिरी और निमेष गोस्वामी सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा मौजूद रहे।

Nhs News agency
Author: Nhs News agency

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now