वाराणसी। उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए वर्षों तक आतंक का पर्याय बना रहा एक लाख रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ लल्लन अंततः यूपी एसटीएफ के साथ हुई एक भीषण मुठभेड़ में मारा गया। हत्या, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला, सरकारी हथियार लूटने, बैंक डकैती और रंगदारी जैसे दर्जनों संगीन मामलों में वांछित चल रहे इस अपराधी के खात्मे के साथ ही पूर्वांचल और बिहार के कई जिलों में उसके खौफ के साम्राज्य का अंत हो गया है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, लल्लन सिंह और उसके भाइयों ने बिहार के पटना, नालंदा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के वाराणसी व चंदौली जिलों में लंबे समय से दहशत का माहौल बना रखा था। उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों और वारदातों की फेहरिस्त इतनी लंबी थी कि दोनों राज्यों की पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
लल्लन सिंह का नाम वर्ष 2022 में उस समय सबसे ज्यादा सुर्खियों में आया था, जब उसने अपने सगे भाइयों मनीष सिंह और रजनीश सिंह के साथ मिलकर वाराणसी के रोहनिया थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अजय यादव पर जानलेवा हमला किया था। इस सनसनीखेज वारदात के दौरान दरोगा अजय यादव जब अपने एक निर्माणाधीन मकान को देखने गए थे, तभी इन बदमाशों ने उन्हें सरेराह रोककर गोली मार दी थी और उनकी सरकारी पिस्टल व पर्स लूटकर फरार हो गए थे। इस दुस्साहसिक घटना ने पूरे महकमे को हिलाकर रख दिया था। इससे पहले भी लल्लन का नाम पुलिसकर्मियों पर हमले में सामने आ चुका था, जब वर्ष 2016 में उसने पटना के फतुहा क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर आर.आर. चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी और उनकी भी सरकारी पिस्टल लूट ली थी। इसी तरह बाढ़ थाना क्षेत्र में तैनात एएसआई सुरेश ठाकुर की हत्या में भी उसका नामजद हाथ था।
पुलिस के मुताबिक, लल्लन सिंह गिरोह ने सिर्फ पुलिस पर ही नहीं बल्कि कई भीषण बैंक डकैतियों को अंजाम देकर बेगुनाहों का खून बहाया था। पटना के बेलछी थाना क्षेत्र में पीएनबी शाखा के बाहर इस गिरोह ने अंधाधुंध फायरिंग कर बैंक के दो सुरक्षा गार्डों और एक कैश वैन के चालक की निर्मम हत्या कर दी थी और करीब 60 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इसी तरह नालंदा के सोहसराय में भी कैश वैन पर हमला कर एक गार्ड और कैशियर की हत्या कर करीब 20 लाख रुपये की डकैती डाली गई थी। दरोगा अजय यादव पर हुए हमले के बाद नवंबर 2022 में वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र में पुलिस और लल्लन गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें उसके भाई मनीष और रजनीश तो मारे गए थे, लेकिन लल्लन पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था। तब से वह लगातार ठिकाने बदल-बदलकर पुलिस को छका रहा था, लेकिन आखिरकार यूपी एसटीएफ ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





