लखनऊ अग्निकांड: एसी कंप्रेसर फटने से 15 छात्रों की मौत, घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी; पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

SHARE:

लखनऊ। राजधानी के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में आज दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर संचालित ‘हेड एंड हॉपर्स एनीमेशन एंड गेमिंग जोन’ में दोपहर करीब ढाई बजे अचानक एयर कंडीशनर (AC) का कंप्रेसर फटने से भयंकर आग लग गई। धमाके के साथ लगी इस आग के बाद देखते ही देखते पूरी इमारत में जहरीला धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद छात्रों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। आग और धुएं की चपेट में आने से अब तक 15 मासूम छात्रों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई छात्रों ने जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस और राहत आपदा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। बिल्डिंग में फंसे बच्चों को निकालने के लिए बगल के मकान की छत से कोचिंग संस्थान की पक्की दीवार को काटकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस बेहद जटिल रेस्क्यू के जरिए करीब 10 लोगों को मलबे और धुएं के बीच से सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि गंभीर रूप से झुलसे कई छात्रों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे हताहतों की संख्या और बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इस रूह कंपा देने वाले हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ का महत्वपूर्ण दौरा बीच में ही रद्द कर दिया और तुरंत राजधानी लखनऊ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सीधे अलीगंज स्थित दुर्घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आला अफसरों से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब करते हुए घायलों को मुफ्त और सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में कहा कि लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से उन्हें अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रधानमंत्री राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। फिलहाल मौके पर प्रशासन और जांच कमेटियों द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now