सोनभद्र। “सरकार आपके द्वार” अभियान के तहत जनपद के पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज कोन में एक विशाल ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री भूपेश चौबे और विंध्याचल मंडल मिर्जापुर के आयुक्त श्री राजेश प्रकाश ने शिरकत की। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून, 2026 तक चलाए जा रहे विशेष समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा जनसंवाद स्थापित किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक और आयुक्त महोदय ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में वृक्षारोपण किया और मेधावी बालिकाओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनजागरूकता स्टॉलों और प्रदर्शनियों का गहन निरीक्षण कर लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की प्रगति जांची। इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रचार वाहन द्वारा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सजीव प्रदर्शन भी किया गया।
ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास, पेंशन और अन्य स्थानीय विकास कार्यों से जुड़ी अपनी समस्याएं एवं सुझाव वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखे। ग्रामीणों की शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता से सुनते हुए आयुक्त महोदय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। चौपाल को संबोधित करते हुए माननीय विधायक श्री भूपेश चौबे ने कहा कि आज सरकार खुद चलकर गांव-गांव पहुंच रही है और ग्रामीण जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं चलाई जा रही हैं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक इनका लाभ पहुंचाना ही भाजपा सरकार का मुख्य ध्येय है।
इसी क्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आयुक्त विंध्याचल मंडल श्री राजेश प्रकाश ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ये ग्राम चौपालें शासन, प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सबसे सशक्त माध्यम साबित हो रही हैं। आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि चौपाल में मिली शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ मामलों का परीक्षण करें। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे जागरूक बनकर सरकार की इन कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर कोन ब्लॉक प्रमुख, विभिन्न ग्रामों के प्रधान, क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, तमाम विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





