महिला की मौत के बाद मऊ में बवाल: ग्रामीणों और पुलिस के बीच जमकर पथराव, आधे घंटे से अधिक समय तक रणक्षेत्र बना फोरलेन

SHARE:

मऊ। जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पीढ़वल मोड़ पर शनिवार की शाम उस समय भारी बवाल खड़ा हो गया, जब एक सड़क हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस बल के बीच हिंसक झड़प हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब पांच बजे फोरलेन पार कर रही सेमराडाड निवासी 50 वर्षीय शांति देवी को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बेरहमी से रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने पीढ़वल मोड़ के पास फोरलेन पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि इस दुर्घटना संभावित मोड़ पर आए दिन हो रहे हादसों को रोकने के लिए तुरंत अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही घोसी के उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा, सीओ जितेंद्र सिंह और प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब मान-मनौव्वल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उठाने की कोशिश की, तो वहां मौजूद भीड़ अचानक उग्र हो गई और उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और जवाब में पुलिस के जवानों ने भी जमीन पर गिरे पत्थरों को उठाकर ग्रामीणों पर पलटी वार करना शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच करीब 40 मिनट तक ताबड़तोड़ पत्थरबाजी होती रही, जिसके कारण फोरलेन का करीब 200 मीटर का इलाका छोटे-छोटे पत्थरों से पट गया और पूरी सड़क रणक्षेत्र में तब्दील हो गई। हालात को बिगड़ता देख मौके पर तुरंत कोपागंज, दोहरीघाट, मुहम्मदाबाद गोहना और मधुबन थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीढ़वल मोड़ के पास अंडरपास न होने की वजह से यहाँ लगातार भीषण सड़क हादसे हो रहे हैं और हर हफ्ते कोई न कोई अपनी जान गंवा रहा है। ग्रामीणों का गुस्सा इसलिए भी सातवें आसमान पर था क्योंकि पिछले कुछ महीनों में यहाँ कई मौतें हो चुकी हैं। इससे पहले 17 दिसंबर 2025 को मदापुर समसपुर छावनी निवासी मुंशी रशीद अहमद की यहाँ जान गई थी, जबकि बीते 3 मई की रात करीमुद्दीनपुर निवासी मौलवी तौकीर और कस्बा खास निवासी रितेश चौहान (25) की मौत भी इसी मोड़ पर हुई थी। अभी हाल ही में 6 जून की दोपहर हांसापुर किरकिट निवासी उदित कुमार उर्फ शुभम (28) भी इसी अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया था। बार-बार हो रहे इन हादसों और प्रशासन की अनदेखी के कारण ही शनिवार को एक और महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और भारी बवाल खड़ा हो गया।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now