आरओबी निर्माण स्थल पर पहुंचे सदर विधायक भूपेश चौबे, अधिकारियों को चेताया— वैकल्पिक व्यवस्था के बिना काम शुरू हुआ तो नहीं होगा बर्दाश्त

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य शुरू होने और रेलवे फाटक से चार पहिया व भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाए जाने के बाद क्षेत्र में बढ़ी जनचिंताओं के बीच सदर विधायक भूपेश चौबे ने मंगलवार को निर्माण स्थल का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने और डायवर्जन लागू होने से स्थानीय जनता व व्यापारियों को हो रही परेशानियों की सूचना मिलते ही विधायक तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर, कार्यदायी संस्था के अधिकारियों, कोतवाल तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को मौके पर तलब कर निर्माण स्थल एवं डायवर्जन के वैकल्पिक मार्गों का बारीकी से जायजा लिया और जनहित में कड़े निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान सदर विधायक भूपेश चौबे ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों के नाम पर आम जनता का उत्पीड़न या असुविधा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जब तक सुदृढ़ और पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं कर ली जाती, तब तक ऐसा कोई भी कदम न उठाया जाए जिससे स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों को अनावश्यक और नारकीय परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने याद दिलाया कि इस मुख्य मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं, इसलिए आवागमन की सुगम व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी की संयुक्त जिम्मेदारी है। विधायक ने रेलवे क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए तत्काल एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित सर्विस लेन विकसित करने के निर्देश दिए ताकि निर्माण अवधि के दौरान दैनिक यात्रियों को कोई असुविधा न हो।

इसके उपरांत सदर विधायक ने प्रस्तावित डायवर्जन मार्गों का भी भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उन स्थानों की ओर अधिकारियों का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया जहाँ सड़कें काफी संकरी हैं और मोड़ बेहद तीखे हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि ऐसे दुर्घटना बाहुल्य मोड़ों पर तत्काल पर्याप्त संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, बैरिकेडिंग और रात्रि के लिए समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस एवं ट्रैफिक विभाग के अतिरिक्त जवानों की तैनाती करने को कहा। विधायक ने कहा कि आरओबी का निर्माण जनपद की एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित परियोजना है, जिसके पूरा होने के बाद शहर को जाम की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी, लेकिन निर्माण के दौरान जनता को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने की हिदायत दी। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, जिला उपाध्यक्ष शंभू नारायण सिंह, बलिराम सोनी, अनूप तिवारी, शिबू चौबे सहित रेलवे, राजस्व, नगरपालिका और पीडब्ल्यूडी के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now