सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल सोनभद्र के तत्वावधान में बुधवार को व्यापारियों की विभिन्न प्रांतीय व स्थानीय समस्याओं के निराकरण हेतु मुख्यमंत्री को संबोधित एक 7 सूत्रीय मांग पत्र अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) को सौंपा गया। जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गर्ग के कुशल नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे व्यापारिक शिष्टमंडल ने एडीएम से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और प्रदेश सरकार से व्यापारी हित में जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके व्यवसाय को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार के हस्तक्षेप को अत्यंत आवश्यक बताया।

व्यापारियों द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में मुख्य रूप से सात ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। इसमें पहली और सबसे बड़ी मांग यह की गई है कि जीएसटी पंजीकृत सभी छोटे-बड़े व्यापारियों का अनिवार्य रूप से सरकारी स्तर पर स्वास्थ्य बीमा कराया जाए ताकि किसी भी आपातकालीन चिकित्सा स्थिति में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके। इसके साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना या दैवीय आपदा की स्थिति को देखते हुए जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों की दुकान या व्यावसायिक प्रतिष्ठान में आग लगने की सूरत में 1 करोड़ रुपये के दुर्घटना बीमा का प्रावधान करने की पुरजोर मांग की गई है। वित्तीय बोझ को कम करने की दिशा में व्यापारियों ने मांग की है कि विभिन्न विभागों की बकाया रकम अथवा रिटर्न लेट जमा करने पर लगने वाले ब्याज की दर को 18 प्रतिशत से घटाकर 9 प्रतिशत किया जाए।
व्यापारिक संगठन ने प्रशासनिक जटिलताओं को दूर करने के लिए सभी सरकारी विभागों के व्यावसायिक लाइसेंसों को आजीवन (लाइफटाइम) बनाने तथा विभागों द्वारा किए जाने वाले सर्वे छापों के दंडात्मक कानून को पूरी तरह से समाप्त करने की वकालत की है। इसके अतिरिक्त, व्यापारियों ने बिजली के भारी-भरकम बिलों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि चूंकि बिजली का बिल पूरी तरह मीटर रीडिंग के आधार पर वसूला जाता है, इसलिए बिल में लगने वाले अनुचित फिक्स चार्जेज एवं मिनिमम चार्जेज को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए। वहीं, कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की निजी सुरक्षा के दृष्टिगत उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस (आर्म्स लाइसेंस) निर्गत करने की भी मांग प्रमुखता से उठाई गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गर्ग के साथ मुख्य रूप से प्रदेश मंत्री विमल अग्रवाल, जिला महामंत्री मनोज जालान, नगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता एवं संगठन मंत्री मनीष खंडेलवाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.



