फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी के नाम पर वाराणसी के कारोबारी से 53 लाख की ठगी, मुंबई बुलाकर जालसाजों ने रचा था खेल

SHARE:


वाराणसी: धर्मनगरी में एक बड़े धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहाँ चितईपुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा नगर कॉलोनी निवासी और रघुकुल कृपा हॉस्पिलिटी के डायरेक्टर अभिलाष नारायण सिंह से अंतरराष्ट्रीय ब्रांड ‘एफ लाउंज बाय फैशन टीवी’ की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर करीब 52.99 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुंबई और अन्य क्षेत्रों के नौ रसूखदार जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक षडयंत्र समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में कासिफ खान उर्फ कासिफ सरदार, हासिम खान, दुष्यंत सिंह, रुपमणि सिंह, आसिफ अली, रोहित खन्ना, कार्तिक, डाली सोनी और हर्षत कोली शामिल हैं।

घटनाक्रम की शुरुआत अगस्त 2021 में हुई थी, जब डाली सोनी और दुष्यंत सिंह नामक आरोपियों ने अभिलाष नारायण सिंह को भरोसे में लेकर मुंबई बुलाया। वहां कासिफ खान से वीडियो कॉल के जरिए उनकी बात कराई गई, जिसने खुद को कंपनी का बेहद प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए निवेश पर भारी मुनाफे और ब्रांड की फ्रेंचाइजी दिलाने का लालच दिया। जालसाजों के झांसे में आकर पीड़ित ने व्यापार विस्तार के उद्देश्य से अलग-अलग चरणों में कुल 52 लाख 99 हजार 500 रुपये का भुगतान कर दिया।

रकम हड़पने के बाद आरोपी महीनों तक फ्रेंचाइजी दिलाने का आश्वासन देकर टालमटोल करते रहे। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो काम शुरू हुआ और न ही फ्रेंचाइजी के दस्तावेज मिले, तब अभिलाष ने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया और धमकी देने लगे। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने चितईपुर थाने में न्याय की गुहार लगाई। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि सभी नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बैंक लेनदेन के रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now