9 वर्षों में 9 लाख नौकरियां देकर यूपी ने रचा कीर्तिमान, इस वर्ष 1.5 लाख और भर्तियां: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

SHARE:

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोक भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 357 कनिष्ठ विश्लेषकों (औषधि) और 252 दंत स्वास्थ्य विज्ञानियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देकर देश में सर्वाधिक और पारदर्शी नियुक्तियों का नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं में रिश्वतखोरी और भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है और सरकार चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न आयोगों के माध्यम से डेढ़ लाख से अधिक नई भर्तियां करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि भर्ती परीक्षाओं में सेंधमारी करने वालों के विरुद्ध अब आजीवन कारावास और संपत्ति जब्ती जैसे सख्त कानून प्रभावी हैं, ताकि किसी भी युवा के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।

विगत वर्षों की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान एक ‘बीमारू राज्य’ के रूप में थी, जहाँ चयन प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का बोलबाला था। उस समय अयोग्य और फर्जी डिग्री वाले लोग आयोगों का नेतृत्व करते थे, जिसके कारण नियुक्तियां अक्सर अदालती कार्यवाही में फंस जाती थीं। आज प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है और पुलिस विभाग में ही 2.20 लाख से अधिक नियुक्तियां सफलतापूर्वक संपन्न हुई हैं। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं खाद्य सुरक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों को रेखांकित करते हुए बताया कि 2017 से पहले प्रदेश का सिस्टम ‘भगवान भरोसे’ था, लेकिन आज हर मंडल स्तर पर ए-ग्रेड की अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं मौजूद हैं। खाद्य नमूनों की जांच क्षमता में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और जल्द ही 417 कनिष्ठ विश्लेषकों (खाद्य) की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी, जिससे जनता को मिलावट रहित खाद्य पदार्थ और मानक के अनुरूप औषधियां सुनिश्चित की जा सकें।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now