यूपी पुलिस दूरसंचार विभाग में मिली 936 युवाओं को सरकारी नौकरी, नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे

SHARE:

लखनऊ: इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 936 प्रधान परिचालक एवं प्रधान परिचालक (यांत्रिक) अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अपनी मेहनत के बल पर सरकारी सेवा में चयनित हुए इन युवाओं के लिए यह पल बेहद गौरवपूर्ण और यादगार रहा। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारदर्शी कार्यशैली को दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अभ्यर्थियों ने एक स्वर में कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष, सुचितापूर्ण और भ्रष्टाचार मुक्त हुई है। प्रयागराज की महिमा यादव ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि वर्ष 2006 के बाद से यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में सीधी भर्ती हुई है। चयनित युवाओं का मानना है कि पारदर्शी व्यवस्था के कारण ही आज केवल मेहनत करने वाले युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिल पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए एटा के कुशाल चौहान ने उन्हें तेजतर्रार और तुरंत निर्णय लेने वाला जननायक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जमीनी स्तर पर माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करके प्रदेश को भयमुक्त बनाया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रयागराज के सौरभ मिश्रा ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति ने अपराधियों पर अंकुश लगाया है और पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से सशक्त किया है।

महिला सुरक्षा के क्षेत्र में आए बदलाव पर प्रकाश डालते हुए प्रयागराज की अदिति राठौर ने कहा कि आज प्रदेश की महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री की ‘फास्ट रिएक्शन’ नीति ने प्रदेश में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित किया है। वहीं, गोरखपुर की शालू गुप्ता और अयोध्या की सपना पांडेय ने भी सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्ष नियुक्तियों ने उनके सपनों को उड़ान दी है।

अलीगढ़ के अरविंद और झांसी के विशाल कुमार शर्मा समेत अन्य चयनित युवाओं ने इस बात पर जोर दिया कि अब वे प्रशिक्षण प्राप्त कर पूरी निष्ठा के साथ प्रदेश की सेवा करने के लिए तैयार हैं। अभ्यर्थियों ने अन्य युवाओं को भी संदेश देते हुए कहा कि सरकार लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है, इसलिए युवा अपनी मेहनत जारी रखें, क्योंकि योगी सरकार में प्रतिभा का पूरा सम्मान हो रहा है। अंत में, सभी चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री का हृदय से आभार जताते हुए कहा कि वे प्रदेश की सुरक्षा और विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तत्पर हैं।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now