धधौरौल डैम का रास्ता बंद करने पर भड़के संदीप मिश्र, सिंचाई विभाग को दी चेतावनी**

SHARE:

सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में आज सैकड़ों ग्रामीणों ने धधौरौल डैम पहुंचकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि 1916 से आम लोगों की आवाजाही का मुख्य केंद्र रहे इस रास्ते पर अधिकारियों ने गेट लगाकर बंद कर दिया है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान संदीप मिश्र ने सरकार और विभाग पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि यह सरकार अंग्रेजों से भी अधिक जुल्मी साबित हो रही है, जो जनता के बुनियादी अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस गेट को नहीं खोला गया, तो मोर्चा अपने परिवारजनों के हक और अधिकार के लिए सिंचाई विभाग की नींव हिला देगा। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस रास्ते के बंद होने से चुर्क से चेरुई और चतरा से लेकर चरका तक के लगभग सैकड़ों गांवों के निवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक कार्यों के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने तुरंत संज्ञान नहीं लिया, तो वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जबरन इस गेट को उखाड़ फेंकेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में कर्माव के प्रधान मौर्य जी, राकेश जी, विजय चौहान, आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, दीपक भारती, बबलू, दिनेश चेरो, पप्पू खरवार, संजय बियार, रामाहल खरवार सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

Kanhaiya Lal
Author: Kanhaiya Lal

6 years of experience in journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now