मणप्पुरम ज्वैलर्स के 26 करोड़ से अधिक के सोने की हेराफेरी का आरोपी गिरफ्तार, प्रॉपटी और शेयर बाजार में खपाया काला धन

SHARE:

लखनऊ। मणप्पुरम ज्वैलर्स लिमिटेड कंपनी के लखनऊ प्रभारी को चौक पुलिस ने 26.36 करोड़ रुपये का सोना हड़पने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कंपनी का 18 किलो से अधिक सोना खुदरा व थोक विक्रेताओं के साथ मिलकर खुर्द-बुर्द करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार देर रात प्रेरणा स्थल के पास से दबोचा। चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि बालागंज निवासी कमल सिंह मणप्पुरम ज्वैलर्स में लखनऊ प्रभारी के पद पर तैनात था। कंपनी के जीएम उमेश कुमार ने 12 दिसंबर 2024 को चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कमल सिंह ने कंपनी का 22 कैरेट शुद्धता वाला 18531.1 ग्राम सोना हड़प लिया है। मौजूदा बाजार दर के हिसाब से इस सोने की कीमत 26.36 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस की जांच में कमल पर लगे आरोप सही पाए गए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कमल ने इस बड़ी धनराशि का इस्तेमाल कर संपत्तियां खरीदीं, शेयर ट्रेडिंग में भारी निवेश किया और अपने खुद के आभूषण व्यवसाय को बढ़ाने का काम किया। पुलिस अब इस पूरे रैकेट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस धोखाधड़ी में और कौन-कौन से चेहरे शामिल थे। फिलहाल, पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now