आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । गंभीर बीमारी हो या सामान्य उपचार, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे जनपदों की दौड़ न लगानी पड़े और मेडिकल कॉलेज में ही उन्हें समुचित इलाज मिल सके, इसके लिए प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल तेज कर दी है। इसी क्रम में विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने इमरजेंसी, जनरल और महिला वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया तथा मेडिसिन विभाग की व्यवस्थाएं भी देखीं। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों को साफ-सफाई बेहतर रखने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को समय से गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वार्डों में पहुंचकर परखी उपचार व्यवस्था –
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्डों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था, दवाओं के वितरण और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मरीजों की जरूरतों के अनुरूप समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
दवाओं की उपलब्धता पर ली जानकारी –
मंडलायुक्त ने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध दवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि यदि किसी मरीज के उपचार के लिए आवश्यक दवा मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध नहीं होती है, तो उसे दवा कहां से मिलती है। इस पर प्रभारी प्रधानाचार्य ने बताया कि ऐसी स्थिति में मरीज औषधि केंद्र के माध्यम से दवाएं प्राप्त करते हैं।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि मरीजों को आवश्यक दवाओं और उपचार संबंधी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
स्थानीय मरीजों को मेडिकल कॉलेज में ही मिले समुचित उपचार –
निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रयास किया जाए कि जनपद के मरीजों को आवश्यक और समुचित उपचार की सुविधा मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध हो सके। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे जनपदों में जाने की जरूरत न पड़े।
इसके लिए मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और अन्य सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के उपचार और देखभाल को प्राथमिकता देने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर –
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की ओर से मरीजों के हित में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा संसाधनों का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचना चाहिए। चिकित्सक पूरी जिम्मेदारी के साथ मरीजों का उपचार करें, ताकि उन्हें समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ0 शिशिर, सीएमएस डॉ0 डी0के0 सिंह सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





