Sonbhadra News : तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, बीमारी से जूझ रहे बिजलीकर्मी की मौत से परिवार में मातम

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरहरा के टोला झरिया में बुधवार को बिजली विभाग के संविदा कर्मी राहुल कुमार (25वर्ष) की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बीमारी से जूझ रहे राहुल की मौत से उनकी पत्नी और तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, खरहरा ग्राम पंचायत के झरिया टोला निवासी रमेश के पुत्र राहुल कुमार ने बुधवार सुबह कथित तौर पर जामुन के पेड़ पर फांसी लगा ली। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले गए, जहां घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जुगैल थानाध्यक्ष शिव प्रताप वर्मा के मुताबिक, आज सुबह करीब 11:15 बजे व्हाट्सएप मेमो के जरिए घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम पंचायतनामा की कार्यवाही के लिए रवाना हुई।

लंबे समय से बीमारी से परेशान था राहुल –

परिजनों के अनुसार, राहुल पिछले काफी समय से बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी। रिश्तेदार रामलोचन निराला ने बताया कि राहुल उनके रिश्ते में नाती लगते थे। वह लंबे समय से बीमारी और पारिवारिक परेशानियों का सामना कर रहे थे।

बीमारी के चलते नियमित ड्यूटी भी नहीं कर पा रहा था राहुल –

बताया गया कि राहुल बिजली विभाग के चतरवार उपकेंद्र में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बीमारी के कारण वह पिछले कुछ समय से नियमित रूप से ड्यूटी नहीं कर पा रहे थे। परिजनों के मुताबिक, दो अगस्त के बाद उन्होंने कभी-कभार ही काम किया था। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

तीन छोटे बच्चों के भविष्य पर गहराया संकट –

राहुल अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें छह और चार वर्ष की दो बेटियां तथा करीब डेढ़ वर्ष का एक बेटा है। पिता की मौत से इन मासूमों के सिर से साया उठ गया है। परिवार पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों और बीमारी से जूझ रहा था, ऐसे में इस घटना ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर बिजली विभाग से जुड़े संगठन के सदस्य भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही कर रही है। घटना के संबंध में अन्य तथ्यों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now