Sonbhadra News : ट्रेन की चपेट में आने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव में मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से 16 वर्षीय इंटर की छात्रा की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीघुल गांव निवासी मुराद अंसारी की पुत्री शाहिना परवीन (16वर्ष) दुद्धी स्थित बालिका इंटर कॉलेज में इंटर की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को वह शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि, छात्रा किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस –

घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने पीआरबी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय कोतवाली पुलिस को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।

बेटी की मौत से बेसुध हुए परिजन –

शाहिना की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। बेटी को खोने के गम में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बेटी के बेहतर भविष्य के सपने संजोकर परिवार उसे पढ़ा रहा था, उसकी अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। बताया गया कि शाहिना चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण भी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

हादसे की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस –

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्रा ट्रेन की चपेट में कैसे आई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now