Sonbhadra News : जिले में खाकी के इकबाल पर सवाल! कार सवारों पर कारोबारी को अगवा कर मारपीट करने का लगाया आरोप

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमे पर सवाल उठने लगे हैं। बीते दस दिनों में हत्या, दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाओं के बाद अब ओबरा में एक बाइक एजेंसी के मालिक को कथित तौर पर अगवा कर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एसयूवी कार सवार लोगों ने पहले उनकी बाइक में टक्कर मारी, फिर जबरन कार में बैठाकर चोपन की तरफ ले गए और रास्ते में मारपीट की। इतना ही नहीं, पीड़ित ने खुद को क्राइम ब्रांच का बताने वाले आरोपियों पर असलहे से जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस मामले ने जिले की कानून-व्यवस्था और अपराधियों में पुलिस के खौफ को लेकर बहस तेज कर दी है।

दुकान बंद कर लौट रहे एजेंसी मालिक को बनाया निशाना –

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय के मुताबिक, 12 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे ओबरा कस्बे में एक बाइक एजेंसी के मालिक रोहित कुमार दुकान बंद करने के बाद बाइक से कॉलोनी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक ब्रेजा कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। पीड़ित का आरोप है कि कार सवार कुछ लोग उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर चोपन की तरफ ले गए। रास्ते में उनके साथ मारपीट की गई, जिससे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर धमकाने का आरोप –

पीड़ित रोहित कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि कार सवार लोग खुद को क्राइम ब्रांच का बता रहे थे। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और असलहे से जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

लूट या छिनैती की पुष्टि नहीं, आपसी विवाद का पहलू भी आया सामने –

मामले में सीओ प्रभात राय ने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक की जांच में लूट या छिनैती की घटना सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद से जुड़ी कुछ बातें भी प्रकाश में आई हैं। पुलिस के मुताबिक, पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।

बढ़ रहे अपराधिक घटनाओं के बीच कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल –

जिले में पिछले कुछ दिनों के दौरान सामने आई गंभीर आपराधिक घटनाओं के बीच ओबरा का यह मामला भी चर्चा में है। एक कारोबारी को कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए पुलिस की आगे की कार्यवाही कितनी कारगर साबित होती है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now