आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । गांवों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रहरियों के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। पुलिस लाइन चुर्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के बीच ग्राम प्रहरियों को साइकिल, टॉर्च और रेनकोट वितरित किए गए। किसी के लिए साइकिल गांवों में भ्रमण आसान बनाने का जरिया बनी तो किसी को रेनकोट मिलने से बारिश में ड्यूटी करने की उम्मीद जगी। वहीं, मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि और मुख्यमंत्री की ओर से मिले सम्मान पर ग्राम प्रहरियों ने आभार जताया। हालांकि, कुछ ने यह भी कहा कि जिम्मेदारियों के मुकाबले उनका मानदेय अभी भी पर्याप्त नहीं है।
जनपद बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसका पुलिस लाइन चुर्क में सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में ग्राम प्रहरियों को आवश्यक सामग्री वितरित की गई। जिले में 149 ग्राम प्रहरियों को साइकिल, 130 को टॉर्च और 132 को रेनकोट दिए गए।
ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं ग्राम प्रहरी –
समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच ग्राम प्रहरी एक मजबूत कड़ी के रूप में काम करते हैं। गांवों में होने वाली गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान अहम है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों का सम्मान और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके मनोबल को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
ग्राम प्रहरियों की गांवों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में अहम भूमिका –
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांव की सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने, अपराध नियंत्रण में सहयोग करने और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने में उनकी भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने से वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
पहली बार मिली साइकिल, अब गांवों में भ्रमण होगा आसान –
घोरावल थाना क्षेत्र के गुरेठ गांव के ग्राम प्रहरी रामविलास के लिए साइकिल मिलना किसी बड़ी सुविधा से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें पहली बार साइकिल मिली है। इसकी मदद से अब गांवों में भ्रमण करने और अपनी ड्यूटी निभाने में काफी आसानी होगी। उन्होंने मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया।
एसपी की ओर से मिला रेनकोट, बरसात में ड्यूटी करने में मिलेगी मदद –
घुवास गांव के ग्राम प्रहरी राजेश ने बताया कि उन्हें पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की ओर से रेनकोट दिया गया है। बारिश के दौरान गांवों में ड्यूटी करना कई बार मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रेनकोट अगली बरसात में उनके लिए काफी सहायक साबित होगा। उन्होंने इस सुविधा को ड्यूटी के लिहाज से उपयोगी बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे खराब मौसम में भी अपने दायित्वों का निर्वहन करने में सहूलियत मिलेगी।
मानदेय बढ़ा, लेकिन काम के हिसाब से अभी भी कम –
रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के मुसहीं की ग्राम प्रहरी विमला ने मानदेय वृद्धि को लंबे समय से उठाई जा रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी काफी समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। सरकार ने उनके मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि की है, लेकिन काम और जिम्मेदारियों के सापेक्ष यह राशि अभी भी पर्याप्त नहीं है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों का सम्मान किया, यह उनके लिए बड़ी बात है। विमला ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि सम्मान मिलने से उनका उत्साह बढ़ा है।
इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी (नगर) रणधीर कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






