सोनभद्र के दुष्यंत’ शिवनारायण ‘शिव’ के तीन गजल संग्रहों का हुआ भव्य विमोचन

SHARE:

सोनभद्र (रॉबर्टसगंज)। साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अनवरत रूप से कार्यरत विंध्य संस्कृति शोध समिति उत्तर प्रदेश ट्रस्ट के तत्वाधान में एक गरिमामय साहित्य समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर “सोनभद्र के दुष्यंत” के नाम से सुप्रसिद्ध गजलकार शिवनारायण “शिव” के तीन प्रमुख गजल संग्रहों—’कश्तियां प्यार की’, ‘अशक क्यों छलकते हैं’ और ‘याद तेरी क्यों आई’ का भव्य विमोचन उनके निज आवास “शिवभवन” में अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध गीतकार ईश्वर विरागी द्वारा प्रस्तुत मां सरस्वती की मधुर वंदना के साथ हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित मूर्धन्य साहित्यकारों एवं अतिथियों ने कृतियों का लोकार्पण किया।

विमोचन समारोह की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ एवं सुप्रसिद्ध साहित्यकार पारस मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में गजल संग्रह का लेखन और पुस्तकों का प्रकाशन अपने आप में बेहद महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कार्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिवजी का यह कठिन साहित्यिक साधना मार्ग निरंतर आगे बढ़ता रहेगा और उनका लेखन साहित्य जगत को समृद्ध करता रहेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुशील “राही” ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में साहित्य में प्रदूषण अपनी चरम सीमा पर है, ऐसे में साहित्य एक ऐसी विधा है जिसमें हर सच्चे साहित्यकार को निष्ठापूर्वक सम्मिलित होकर अपना सकारात्मक योगदान देना चाहिए।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी ने भारतीय साहित्य की महान परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय साहित्य मूलतः काव्यमय रहा है और इसका आरंभ वैदिक श्लोकों व काव्य से ही हुआ है। हमारी लगभग सभी कालजयी साहित्यिक रचनाएं काव्य विधा में समाहित हैं, जो हमारी समृद्ध संस्कृति की पहचान हैं। इस भव्य विमोचन समारोह में सुप्रसिद्ध गीतकार जगदीश पंथी, अमरनाथ अजेय, राकेश शरण मिश्रा, शैलेंद्र कुमार वर्मा, गजलकार शिवनारायण शिव तथा मातृशक्ति के रूप में विमला देवी, कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान और अलका केसरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now