आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जुगैल थाना क्षेत्र के गोठानी गांव में परचून की दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाकर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए चोरी की पूरी रकम 81,300 रुपये बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी दुकानदार के मकान में राजगीर मिस्त्री का काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसकी नजर दुकान के गल्ले में रखी नकदी पर पड़ी थी।
पुलिस के मुताबिक, गोठानी गांव निवासी राजेश कुमार केसरी उर्फ गुड्डू की परचून की दुकान में 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात चोरी हुई थी। चोर दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाकर गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया था। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने 10 अक्टूबर को जुगैल थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए)/331(4) में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की।
गल्ले में नोटों की गड्डियाँ देख बनाई चोरी की योजना –
विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर संदेह की सुई दुकानदार के मकान में निर्माण कार्य कर रहे राजगीर मिस्त्री बेचू हरिजन की ओर घूमी। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना से पहले दुकान पर आया था। उस दौरान उसने दुकानदार को गल्ले में नोटों की गड्डियां रखते हुए देख लिया था। आरोप है कि रात में दुकानदार के दुकान बंद कर चले जाने के बाद उसने मौका पाकर पिछली दीवार में नकब लगाई और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली।
बिजुल नदी पुल से आरोपी गिरफ्तार –
पुलिस ने पतारसी-सुरागरसी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 11 अक्टूबर को सुबह करीब 8:15 बजे गोठानी बिजुल नदी पुल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान बेचू हरिजन (35वर्ष) पुत्र गुलाब, निवासी ग्राम गोठानी, थाना जुगैल, सोनभद्र के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी रकम 81,300 रुपये बरामद की है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का विवरण –
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विपिन बिहारी राय, हेड कांस्टेबल श्याम शेर यादव, कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल सतीश कुमार शामिल रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






