आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । कोन थाना क्षेत्र अंतर्गत चेरवाडीह बस स्टैंड के पास मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 34 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान चेरवाडीह निवासी नितेश कुमार पुत्र ललित कुमार के रूप में हुई है। शव के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़ते हुए गांव के ही दो युवकों पर संदेह व्यक्त किया गया है।
बताया गया कि मंगलवार देर शाम करीब सात बजे चेरवाडीह बस स्टैंड के पास नितेश कुमार का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। परिजनों को आशंका है कि धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या की गई है।
मृतक के पिता ललित कुमार ने घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़ते हुए गांव के ही दो युवकों पर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि नितेश के साथ हुई घटना में इन युवकों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के आरोपों या प्रेम प्रसंग से जुड़े किसी पहलू की पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक आखिरी बार किन लोगों के साथ था और घटनास्थल तक कैसे पहुंचा। इसके अलावा घटना के पीछे आपसी विवाद, प्रेम प्रसंग अथवा किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है।
वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।






