बीएसपी के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की कंपनियों से वसूला जाएगा 400 करोड़ का आयकर: जांच में अवैध खनन और टैक्स चोरी का खुलासा

SHARE:

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की कंपनियों से आयकर विभाग 400 करोड़ रुपये से अधिक के बकाए टैक्स की वसूली करने की तैयारी में है। आयकर विभाग की इंवेस्टीगेशन विंग ने उनके विभिन्न ठिकानों पर मारे गए छापों के दौरान मिले साक्ष्यों और टैक्स चोरी के पुख्ता प्रमाणों का गहन विश्लेषण करने के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसे अंतिम कर निर्धारण के लिए नई दिल्ली स्थित आयकर मुख्यालय भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, दिवंगत विधायक की कंपनियों द्वारा बड़े पैमाने पर किए गए अवैध खनन से राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का चूना लगा था, वहीं आयकर विभाग को भी भारी कर का नुकसान हुआ था। उल्लेखनीय है कि बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार विधायक रहे उमाशंकर सिंह का बीते 6 अगस्त को निधन हो गया था। इससे पूर्व फरवरी माह में आयकर विभाग ने उनके लखनऊ, बलिया, सोनभद्र, मिर्जापुर, कौशांबी और प्रयागराज स्थित 30 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी, जहां से अवैध खनन व अचल संपत्तियों के कागजात के साथ 10 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई थी।

आयकर विभाग की यह पूरी कार्रवाई उनकी ‘छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी’ और ‘साईं राम इंटरप्राइजेज’ द्वारा सड़क निर्माण व खनन कार्यों में बड़े पैमाने पर की जा रही टैक्स चोरी के सुराग मिलने के बाद शुरू हुई थी। दरअसल, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का खुलासा हुआ था, जिसके बाद आयकर विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाया था। जांच को सटीक बनाने के लिए विभाग ने सोनभद्र और मिर्जापुर के खनन क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे और सेटेलाइट इमेजिंग तक का सहारा लेकर अवैध खनन के ठोस डिजिटल सबूत जुटाए थे। आयकर विभाग की अंतिम रिपोर्ट मंजूर होते ही संबंधित फर्मों और परिसंपत्तियों से बकाए टैक्स की वसूली की विधिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now