ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस ने 36.5 किलो अवैध गांजा किया बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह के चार तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

सोनभद्र। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 36.500 किलोग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये तथा स्कॉर्पियो वाहन की कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है, जिससे कुल बरामदगी की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। उक्त पूरे मामले का विस्तृत खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में रॉबर्ट्सगंज पुलिस व एसओजी टीम 28 अगस्त की रात चंद्रयान तिराहा, भंडार खुर्द हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर हिंदुआरी की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (संख्या UP32HQ1416) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन सवारों ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 10 बजे चंद्रयान तिराहे के पास से चारों अभियुक्तों को दबोच लिया। क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा की उपस्थिति में जब वाहन की तलाशी ली गई तो सीट के नीचे और पिछले हिस्से में बने विशेष गुप्त खानों से 37 बंडलों में रखा 36.500 किग्रा अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही तस्करों के पास से 5 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद और एक किया (KIA) कार की चाबी भी जब्त की गई।

पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे बलिया निवासी एक मुख्य सरगना के इशारे पर ओडिशा के संबलपुर से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में सप्लाई करने जा रहे थे। इस काम के लिए उन्हें प्रति चक्कर 15,000 रुपये मिलते थे। रास्ते में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए वे व्हाट्सएप कॉल और लाइव लोकेशन का इस्तेमाल करते थे। तस्करों ने यह भी बताया कि 27 अगस्त को वे दो वाहनों से गांजा लेकर चले थे, लेकिन छत्तीसगढ़ के जशपुर (कुनकुरी) में पुलिस चेकिंग देखकर भागने के चक्कर में रास्ता बंद हो जाने पर वे अपनी किया कार वहीं छोड़कर चाबी साथ ले आए थे और स्कॉर्पियो में सवार होकर सोनभद्र के जंगलों में छिप गए थे। छत्तीसगढ़ पुलिस ने उस लावारिस कार से 2.5 क्विंटल गांजा बरामद किया था।

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान विधिचंद्र यादव निवासी मऊ, साजिद अली, रईस खान और आदित्य जायसवाल (तीनों निवासी कुशीनगर) के रूप में हुई है। इस सफल कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, एसओजी प्रभारी नागेश कुमार सिंह, हिंदुआरी चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह और चुर्क चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव की प्रमुख भूमिका रही। सोनभद्र पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

Navhind Samachar
Author: Navhind Samachar

नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now