हाथीनाला (सोनभद्र), जीवन रक्षक मानी जाने वाली एम्बुलेंस का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी में करने वाले एक बड़े गिरोह का सोनभद्र पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) लखनऊ की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल व एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान हाथीनाला पुलिस और एएनटीएफ टीम ने दुद्धी मार्ग पर घेराबंदी कर 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 41 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त 7 लाख रुपये कीमत की एम्बुलेंस, 1100 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन सहित कुल 48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए पश्चिम बंगाल निवासी शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का सनसनीखेज ब्योरा देते हुए क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय ने बताया कि एएनटीएफ लखनऊ को सूचना मिली थी कि उड़ीसा के संबलपुर से एक एम्बुलेंस में गांजे की बड़ी खेप लादकर दुद्धी मार्ग होते हुए सुल्तानपुर ले जाई जा रही है। सूचना पर सतर्क हुई हाथीनाला पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने हाथीनाला तिराहे के पास सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध एम्बुलेंस (WB04F3083) को आता देख रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, जिसे पुलिस बल ने मुस्तैदी से घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम समीर सरकार (35 वर्ष), निवासी फरक्का, मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) बताया।
जब क्षेत्राधिकारी ओबरा की मौजूदगी में एम्बुलेंस की तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम भी तस्करी का तरीका देखकर हैरान रह गई। शातिर तस्करों ने एम्बुलेंस के केबिन के फर्श में एल्युमिनियम की चादर के नीचे एक विशेष गुप्त केबिन (कैबिनेट) बना रखा था। उस गुप्त केबिन को खोलने पर उसमें से 36 टेपशुदा बंडलों में भरा 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह उड़ीसा से गांजा लोड कर सुल्तानपुर जा रहा था, जहां अज्ञात व्यक्ति को गाड़ी सौंपनी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है तथा गिरोह के अन्य नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है।
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।





