सोनभद्र। सस्ते इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट का झांसा देकर पहले साइबर ठगी का शिकार बनाना और फिर एआई (Artificial Intelligence) तकनीक से अश्लील वीडियो तैयार कर ब्लैकमेलिंग करना—सोनभद्र में एक निर्दोष युवक की जान लेने वाले इस साइबर अपराध का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने बताया कि थाना बीजपुर पर दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी शातिर साइबर अपराधी वारिस खान (20 वर्ष), निवासी पड़ासला, थाना किशनगढ़बास (जिला खैरतल-तिजारा, राजस्थान) को बभनी व साइबर क्राइम पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के पास से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल, सिम कार्ड और 1,050 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
एएसपी ऋषभ रुणवाल ने मामले का सनसनीखेज ब्योरा देते हुए बताया कि बीते 5 जून 2026 को बीजपुर थाना क्षेत्र के मेमना गांव निवासी प्रवेश कुमार ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों द्वारा बार-बार अज्ञात फोन कॉल आने की शिकायत के बाद जब साइबर सेल ने मृतक के मोबाइल व बैंक खातों की तकनीकी जांच की, तो पता चला कि राजस्थान के अलवर से कॉल की जा रही थीं और रकम भी वहीं ट्रांसफर हो रही थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बभनी थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज एवं साइबर थाने के उपनिरीक्षक आशीष पटेल की टीम ने राजस्थान में दबिश देकर अभियुक्त को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी वारिस खान ने स्वीकार किया कि उसने फेसबुक पर सस्ते लैपटॉप का भ्रामक विज्ञापन डाला था। झांसे में आकर प्रवेश ने संपर्क किया, जिसके बाद आरोपी ने सामान भेजने, टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम ऐंठ ली। इसके बाद एक फर्जी लिंक भेजकर मृतक के मोबाइल का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया और उसके डेटा का इस्तेमाल कर एआई तकनीक से अश्लील वीडियो बना दिया। इस वीडियो को परिजनों और दोस्तों को भेजने की धमकी देकर आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा, जिससे प्रताड़ित होकर प्रवेश ने सुसाइड कर लिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि अगले दिन फोन न उठने पर उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया था। जांच में सामने आया है कि यह शातिर अपराधी हरियाणा, गुजरात, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह वर्क फ्रॉम होम टास्क, कस्टमर केयर और करेंसी बदलने के नाम पर लाखों की साइबर ठगी कर चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।





