सोनभद्र। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद सोनभद्र पुलिस के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट, उल्लेखनीय और साहसिक सेवाएं देने वाले सोनभद्र पुलिस के 09 पुलिसकर्मियों को ‘पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न (स्वर्ण/रजत)’ प्रदान कर सम्मानित किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन नवीन अरोरा द्वारा पुलिसकर्मियों के बेदाग सेवा अभिलेखों और जमीनी स्तर पर किए गए असाधारण व साहसिक ऑपरेशनल कार्यों का गहनता से आकलन करने के बाद इन पदकों की घोषणा की गई।

यह प्रतिष्ठित सम्मान सोनभद्र के जांबाज पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अपने कर्तव्यों के प्रति प्रदर्शित निष्ठा, अदम्य साहस, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यकुशलता को दर्शाती है। सम्मान की घोषणा होते ही पूरे जनपद के पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई और साथी पुलिसकर्मियों ने बधाई दी।
उत्कृष्टx सेवा अभिलेख के आधार पर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के वाचक निरीक्षक नागरिक पुलिस लक्ष्मण पर्वत को सर्वोच्च ‘डीजी प्रशंसा चिह्न (स्वर्ण पदक)’ से अलंकृत किया गया है, वहीं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाले यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह को ‘डीजी प्रशंसा चिह्न (रजत पदक)’ से नवाजा गया है।

इसके अलावा, जिले के विभिन्न थानों में तैनात रहते हुए जघन्य अपराधों के अनावरण और कानून-व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने वाले 7 पुलिसकर्मियों को ऑपरेशनल कार्यों के आधार पर ‘डीजी प्रशंसा चिह्न (रजत पदक)’ प्रदान किया गया है। रजत पदक पाने वालों में थाना जुगैल के प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, थाना चोपन अंतर्गत चौकी प्रभारी डाला उप-निरीक्षक घनश्याम तिवारी, थानाध्यक्ष म्योरपुर उप-निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, डायल-112 चोपन में तैनात मुख्य आरक्षी नागेंद्र कुमार पटेल व आरक्षी सुनील कुमार गौड़, थाना चोपन के आरक्षी सुनील कुमार और डीसी सीसीटीएनएस में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी सोनभद्र पुलिस टीम की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतिफल है, जो अन्य जवानों को भी जनसेवा और निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





