सोनभद्र। जिले में मनमाने ढंग से बिना मानकों के संचालित हो रहे निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक और कड़ा अभियान चलाया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के सख्त निर्देशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रमेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रॉबर्ट्सगंज और घोरावल क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान बड़े पैमाने पर पाई गई अनियमितताओं और खामियों के चलते सात निजी अस्पतालों की ओपीडी व ऑपरेशन थियेटर (ओटी) तथा चार पैथोलॉजी केंद्रों को मौके पर ही सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के संचालकों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान घोरावल स्थित कलावती क्लीनिक, विश्वास हॉस्पिटल, हेल्थ केयर हॉस्पिटल और सम्राट हॉस्पिटल के ओपीडी तथा ऑपरेशन थियेटर को पूरी तरह सील कर दिया गया। इसके अलावा गुड हेल्थ हॉस्पिटल और सीटी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं, निरीक्षण के दौरान मानकों में कमियां पाए जाने पर धनवंतरी हॉस्पिटल (छपका), आशीर्वाद हॉस्पिटल (छपका), कृष्णा हॉस्पिटल, न्यू यथार्थ हॉस्पिटल (उरमौरा), ओम हॉस्पिटल (उरमौरा) और ओम हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर (रॉबर्ट्सगंज बस स्टैंड) को नोटिस जारी करते हुए तय समय सीमा के भीतर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच अभियान के तहत अवैध पैथोलॉजी व कलेक्शन सेंटरों पर भी कड़ा शिकंजा कसा गया। अनियमितता मिलने पर न्यू अंशिका पैथोलॉजी, डॉ. लाल पैथोलॉजी की शाहगंज व घोरावल शाखाओं तथा मिशन हॉस्पिटल के सामने संचालित कलेक्शन सेंटर को सील कर दिया गया, जबकि उरमौरा स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्र ने स्पष्ट किया कि जिले में बिना वैध पंजीकरण और मानकों के विपरीत चल रहे अस्पतालों पर यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त लहजे में कहा कि आमजन के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वाले संस्थानों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।






