सोनभद्र, संवाददाता। जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत छत्तीसगढ़ सीमा के पास हथियारबंद बदमाशों ने घात लगाकर एक सर्राफा व्यवसायी को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और व्यापारिक दस्तावेज लूट लिए। दुस्साहसिक वारदात के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और विरोध करने पर व्यवसायी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से करीब 300 ग्राम सोना, आठ किलोग्राम चांदी के कीमती आभूषण और कारोबार से संबंधित महत्वपूर्ण खाता-बही लेकर रफूचक्कर हो गए। सरेशाम घने जंगल के रास्ते में हुई इस बड़ी लूट की घटना से पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव निवासी कुलधीर कुमार, पुत्र सीताराम सेठ, शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर से अपनी बाइक द्वारा वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह शीशटोला जंगल के पास पहुंचे, तभी सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर कर रोक लिया। जब सर्राफा व्यवसायी ने अपने आभूषणों को बचाने के लिए बदमाशों का कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। इसके बाद बदमाश उनका पूरा माल समेटकर घने जंगलों के रास्ते भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही बभनी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घायल व्यवसायी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए दुद्धी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि पुलिस की कई टीमें गठित कर मामले की वैज्ञानिक व तकनीकी पहलुओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास के मार्गों और संदिग्ध ठिकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीमावर्ती थानों और पुलिस चौकियों को अलर्ट करते हुए संभावित ठिकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही लुटेरों के गिरोह का भंडाफोड़ कर शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया जाएगा।
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।





