फ्लाईओवर से गिर रहे वर्षा जल की निकासी के लिए पाइप लगाने का काम शुरू, नपा अध्यक्ष की पहल पर उपसा ने शुरू की कार्रवाई

SHARE:

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर के फ्लाईओवर से वर्षा का पानी सीधे सर्विस लेन पर गिरने की गंभीर समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में आखिरकार प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद के प्रभावी हस्तक्षेप के बाद कार्यदायी संस्था उपसा (UP SHA) ने फ्लाईओवर के जल निकासी बिंदुओं पर पाइप लगाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि मानसूनी बारिश के दौरान फ्लाईओवर के कई स्थानों से जल निकासी सुचारू न होने के कारण झरने की तरह पानी सीधे नीचे सर्विस लेन पर गिर रहा था। इससे सर्विस लेन से गुजरने वाले राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और बाजार आने वाले ग्राहकों को काफी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे लेकर स्थानीय व्यापारियों ने विगत दिनों नगर पालिका अध्यक्ष से मिलकर एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

नागरिकों की इस बुनियादी समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बताया कि नगर के नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा व सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया है कि वे फ्लाईओवर के सभी जल निकासी बिंदुओं का स्थलीय निरीक्षण कर इसका स्थायी और तकनीकी रूप से मजबूत समाधान सुनिश्चित करें। वहीं दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नगर से गुजरने वाले करीब तीन किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर पर पानी के निकास के लिए कई जल निकासी होल तो बनाए गए हैं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर पाइप न लगाए जाने की लापरवाही के कारण पानी नीचे गिर रहा था। उन्होंने संस्था द्वारा पाइप लगाने का कार्य शुरू किए जाने पर संतोष जताते हुए मांग की है कि पूरे फ्लाईओवर पर जितने भी जल निकासी बिंदु हैं, उन सभी पर गुणवत्तापूर्ण पाइप लगाए जाएं और आवश्यक सुधार कार्य को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now