भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का बड़ा दावा: 2027 में जीत के पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़कर हैट्रिक बनाएगी भाजपा, सपा का एजेंडा नकारात्मक

SHARE:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिस सेवा भाव के साथ धरातल पर काम किया गया है, उसके बल पर 2027 के चुनाव में भाजपा अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए प्रदेश में जीत की शानदार हैट्रिक बनाएगी। विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता साल के बारह महीने लगातार जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में काम करते हैं, जबकि विपक्ष के लोग केवल चुनाव के समय ही बरसाती मेंढक की तरह सक्रिय होते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए के सभी घटक दल और नेता उत्तर प्रदेश को एक ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने के संकल्प के साथ एकजुट होकर काम कर रहे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस महत्वपूर्ण राज्य दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय अध्यक्ष का एक पूर्णतः संगठनात्मक दौरा है, जिसके तहत उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग समूहों में बेहद गंभीर और विस्तृत चर्चा की है। इस बैठक के दौरान उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा भविष्य में चुनावी रोडमैप पर हमें कैसे आगे बढ़ना है, इसको लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और मंत्र दिए हैं। समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सपा का पूरा एजेंडा हमेशा से नकारात्मक रहा है। वे विकास की बात करने के बजाय केवल जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर समाज को आपस में बांटकर देश और प्रदेश को कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की समझदार जनता उनके इस विभाजनकारी एजेंडे को कभी स्वीकार नहीं करेगी और विकास के नाम पर एक बार फिर भाजपा पर अपना पूरा भरोसा जताएगी।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now