गोठानी शिव मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए बनेगी व्यापक कार्ययोजना, सड़क निर्माण में देरी पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

SHARE:

सोनभद्र। जिलाधिकारी ने गोठानी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चन किया और जनपदवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने गोठानी शिव मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने हेतु प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोठानी शिव मंदिर को एक आकर्षक धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए ऐसी समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिले। इस दौरान जिलाधिकारी ने गोठानी शिव मंदिर तक पहुंचने हेतु स्वीकृत नवनिर्मित सड़क का कार्य अब तक प्रारंभ न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए।

सड़क निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह को कड़े निर्देश दिए कि जिन किसानों की भूमि सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित हुई है, उन्हें मुआवजा वितरण करने के लिए सोमवार से तहसील में विशेष कैंप आयोजित किया जाए और धनराशि का त्वरित वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हित के इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण विभाग द्वारा प्रस्तावित नई बंधी के निर्माण स्थल का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि संरक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंधी का निर्माण वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जाए, जिससे क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई एवं जल संरक्षण का सीधा लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने आगे निर्देश देते हुए कहा कि बंधी निर्माण की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने से पूर्व उसकी थर्ड पार्टी से तकनीकी जांच कराई जाएगी, ताकि गुणवत्ता में कोई कमी न रहे। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि निजी व्यक्तियों की भूमि पर जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से किसी भी प्रकार की स्वीकृति प्रदान नहीं की जाएगी। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी रॉबर्ट्सगंज, भूमि संरक्षण अधिकारी चोपन, जिला कृषि रक्षा अधिकारी संतपाल वर्मा सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी व तकनीकी अमला मुख्य रूप से उपस्थित रहा।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now