तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों को पच नहीं रहा देश का बदला स्वरूप, 12 साल में गरीब वोट बैंक नहीं बल्कि विकास का केंद्र बना: सीएम योगी

SHARE:

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश के भीतर विकास, सुशासन, सुरक्षा, विरासत के सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में जो ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, उनसे वे लोग बुरी तरह असहज हो गए हैं जिनकी राजनीति दशकों तक भ्रष्टाचार, कुशासन, परिवारवाद, तुष्टीकरण और अव्यवस्था पर टिकी रही। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे तत्वों को भारत का यह सकारात्मक परिवर्तन और चहुंमुखी विकास कतई स्वीकार नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को लोकभवन में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक भव्य पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीकों से जानबूझकर दूरी बनाई जाती रही और समाज को जाति, क्षेत्र, भाषा तथा मत-मजहब के आधार पर बांटा गया, लेकिन पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी वास्तविक शक्ति, सामर्थ्य और अद्वितीय नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाया है, जिससे आज देश का हर नागरिक नए भारत का हिस्सा होने पर गर्व की अनुभूति कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आए बड़े बदलाव को रेखांकित करते हुए कहा कि पहले केवल योजनाएं बनती थीं, लेकिन वे धरातल पर नहीं उतर पाती थीं। आज उत्तर प्रदेश को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सर्वाधिक लाभ मिल रहा है, जिससे देश ने पिछले 12 वर्षों में आस्था व आर्थिक विकास का एक अद्भुत संगम देखा है। इसी सुशासन का परिणाम है कि देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने में अभूतपूर्व सफलता मिली है और अब गरीब केवल एक वोट बैंक नहीं रह गया है, बल्कि वह पूरी विकास प्रक्रिया का मुख्य केंद्र बन चुका है। इसके साथ ही महिलाओं के सम्मान व स्वावलंबन के लिए तमाम ऐतिहासिक कार्य पहली बार हुए हैं तथा शिक्षा, कौशल विकास और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलने से युवाओं में यह अटूट विश्वास जगा है कि वे अब नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन सकते हैं। उन्होंने किसानों की मजबूती का जिक्र करते हुए बताया कि अकेले उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ से अधिक किसान नियमित रूप से किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेता और मंत्री आशीष पटेल, ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद, अनिल कुमार तथा एमएलसी मानवेंद्र सिंह प्रमुख रूप से मंच पर उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर देश के बदले दृष्टिकोण पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पहले सीमा पार से होने वाले हमलों और आतंकी घटनाओं पर सरकार की प्रतिक्रिया बेहद सीमित और कमजोर रहती थी। यूपीए शासनकाल का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि जब दुश्मन देश भारतीय सैनिकों के सिर काटकर ले गया था, तब भी तत्कालीन सरकार मौन साधे रही और संसद में इस गंभीर विषय को उठाने पर द्विपक्षीय संबंध खराब होने की दुहाई दी जाती थी। लेकिन आज का नया भारत अपनी सुरक्षा के साथ रत्ती भर भी समझौता नहीं करता और दुश्मनों को उनकी ही भाषा में निर्णायक जवाब देता है। ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी साहसिक कार्यवाहियों ने न केवल देश की सीमाओं को अभेद्य बनाया है, बल्कि हमारे जांबाज सैनिकों का मनोबल भी आसमान पर पहुंचाया है। उन्होंने गोरखपुर के सांसद के रूप में अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उन्होंने नक्सलवाद की चुनौती को बेहद करीब से देखा था, जब छत्तीसगढ़ के बस्तर और कोंडागांव जैसे क्षेत्रों में भारी सुरक्षा घेरे के बीच जनसभाएं करनी पड़ती थीं। लेकिन आज प्रधानमंत्री की प्रभावी और अचूक रणनीति से देश नक्सलवाद के दंश से पूरी तरह मुक्त हो रहा है और उन पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आज शानदार होटल बन रहे हैं तथा बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने देश की सांस्कृतिक चेतना के पुनरुत्थान पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार भारत की सनातन आस्था और सांस्कृतिक विरासत को वह गौरवमयी सम्मान मिला है, जिसकी देशवासी लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे थे। पूरे 500 वर्षों के कड़े संघर्ष और इंतजार के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण संपन्न हुआ। नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने, जिन्होंने राम मंदिर के शिलान्यास और प्राण-प्रतिष्ठा से लेकर मंदिर के शिखर पर सनातन ध्वज के आरोहण तक का सौभाग्य प्राप्त किया। अयोध्या में रामलला की भव्य प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का अलौकिक स्वरूप, महाकाल लोक और केदारपुरी का पुनरुद्धार जैसे युगांतकारी कार्य देश की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के जीते-जागते प्रतीक हैं। इसके अलावा, वैश्विक आर्थिक मोर्चे पर भारत की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न देशों के बीच चल रहे युद्धों के कारण उपजी वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और मंदी के बावजूद भारत ने अपने नागरिकों को बड़े ऊर्जा संकट से सुरक्षित बचाए रखा। जब अमेरिका और यूरोप सहित दुनिया के अनेक विकसित देशों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई और कमरतोड़ महंगाई ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया, तब भी दूरदर्शी नीतियों के चलते भारत में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित रही और महंगाई पूरी तरह नियंत्रण में रही, जिसने भारतीय अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में लाकर खड़ा कर दिया है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now