अवैध संबंध में युवक की निर्मम हत्या, दुद्धी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर हत्यारोपी को चाकू और बाइक के साथ किया गिरफ्तार

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। जनपद की दुद्धी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और आला कत्ल चाकू बरामद कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।

इस हत्याकांड के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 9 जून 2026 को महुअरिया निवासी जय सिंह ने अपने भाई समासिंह गोड़ की अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने के मामले में दुद्धी थाने पर धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने घटना के जल्द खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए थे। इसके बाद सक्रिय हुई दुद्धी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बघाड़ू-भीसूर रोड स्थित पहली पुलिया के पास से हत्यारोपी राजेन्द्र विश्वकर्मा को दबोच लिया। आरोपी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जनपद अंतर्गत सोनावल थाने के डुमरपान का रहने वाला है और उसकी उम्र 22 वर्ष है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी राजेन्द्र विश्वकर्मा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी पत्नी का मृतक समासिंह गोड़ के साथ अवैध संबंध था। उसने समासिंह को कई बार अपनी पत्नी से दूर रहने और मना करने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं माना। इसी बात से परेशान और आक्रोशित होकर उसने समासिंह को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत उसने 9 जून को समासिंह को फोन कर लीलासी बुलाया, जहां दोनों ने शराब खरीदी और ग्राम मुरता स्थित खेमा नदी की पुलिया के नीचे बैठकर साथ में पी। इसके बाद आरोपी ने मौका पाकर अपने पास रखे चाकू और वहां पड़े पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर समासिंह की निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी 64 बीबी 9969 और खून से सना चाकू बरामद कर उसे जेल भेज दिया है। इस बड़ी कामयाबी को हासिल करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के साथ मुख्य आरक्षी भागीचन्द्र, महताब अहमद और खालिद खान शामिल रहे।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now