सोनभद्र। जिले की कोन थाना पुलिस ने चिकित्सा सेवाओं के नाम पर अवैध धंधा करने वालों और प्रसूता की मौत के जिम्मेदार अपराधियों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस ने कस्बा कोन के अवैध ग्लोबल हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान हुई आशा बहू की मौत के मामले में वांछित चल रही 10,000 रुपये की इनामी स्टाफ नर्स और उसकी सहयोगी दाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीकरण और फर्जी तरीके से क्लीनिक व अस्पताल संचालित करने वाले झोलाछापों में हड़कंप मच गया है।
यह पूरा मामला कस्बा कोन में अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल से जुड़ा हुआ है, जहां पिछले दिनों प्रसव पीड़ा होने पर आशा बहू सीमा देवी को भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ द्वारा बिना किसी योग्यता और जरूरी संसाधनों के, फर्जी तरीके से गलत चिकित्सकीय उपचार और ऑपरेशन की प्रक्रिया अपनाई गई। इस घोर लापरवाही के चलते तड़प-तड़प कर आशा बहू सीमा देवी की असमय ही दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। इस संवेदनशील घटना के बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर कोन थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 318(4) और 34 राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार मुख्य आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए पुख्ता तथ्यों के आधार पर ओबरा क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण और कोन थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 10,000 रुपये की इनामी अभियुक्ता स्टाफ नर्स सलमा (पत्नी आसिफ मोहम्मद, निवासी देवाटन, कोन) को दबोच लिया। इसके साथ ही पुलिस ने फर्जी चिकित्सकीय गतिविधियों में उसका पूरा साथ देने वाली और झारखंड भागने की फिराक में लगी सहयोगी दाई जौरुन बीबी (पत्नी करीमन, निवासी सिसरी बनखेता, थाना खरौंधी, जनपद गढ़वा, झारखंड) को भी सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़ी गई दोनों महिला आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कागजी कोरम पूरा करते हुए और नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। सोनभद्र पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जिले भर में ऐसे अवैध और फर्जी अस्पतालों के खिलाफ आगे भी सख्त चेकिंग अभियान जारी रहेगा और जनता की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.





