हर्षवर्धन, सोनभद्र: जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मेडिकल कॉलेज में इंस्ट्रूमेंट और मैनपावर की समस्या के समाधान को लेकर अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज के माध्यम से आम जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने समीक्षा करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में मैनपावर के अभाव में जिन जरूरी उपकरणों और इंस्ट्रूमेंट्स का संचालन प्रभावित हो रहा है, उनके लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक मैनपावर की नियुक्ति की कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और इंस्ट्रूमेंट्स की खरीद जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) के फंड के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि बजट के अभाव में इलाज की प्रक्रिया न रुके।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए तथा रोस्टर के अनुसार उनकी ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने समय-समय पर मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को एक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. आनंद कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.






