सिस्टम से हारी खाकी: ‘ससुर ने किया दुष्कर्म, पति ने की हत्या की कोशिश’, इंसाफ के लिए थाने के बाहर फूट-फूटकर रोई महिला दरोगा

SHARE:

मानवेंद्र मिश्रा (संवाददाता)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कानून के रखवालों के खुद लाचार होने की एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। प्रयागराज में तैनात एक महिला दरोगा को अपने ही ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए थाने के बाहर हाई वोल्टेज हंगामा करने पर मजबूर होना पड़ा। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और पति ने असलहे से फायरिंग कर उसकी हत्या करने की कोशिश की। पुलिस महकमे का हिस्सा होने के बावजूद जब स्थानीय पुलिस ने उनकी एक न सुनी, तो थक-हारकर महिला दरोगा को अपने मायके वालों और भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ थाने का घेराव करना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले इस जबरदस्त हंगामे और दबाव के बाद आखिरकार पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरी तरफ ससुर ने भी बहू पर केस दर्ज कराया है।

पीड़िता के मुताबिक, वर्तमान में वह प्रयागराज जिले में सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) के पद पर तैनात हैं और पिछले साल ही उनकी शादी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से हुई थी। महिला दरोगा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल में उनका उत्पीड़न शुरू हो गया था। ससुर, पति, सास और ननद मिलकर उन पर लगातार जातिसूचक टिप्पणियां करते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इतना ही नहीं, ससुराल वाले उन पर सरकारी नौकरी छोड़ने का भी लगातार दबाव बना रहे थे। प्रताड़ना का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका; महिला दरोगा ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके ससुर ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए उनके साथ दुष्कर्म किया और बाद में राज छुपाने के लिए उन्हें चूहे मारने की दवा खिलाकर जान से मारने का प्रयास भी किया।

पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने इस जुल्म के बारे में अपने मायके वालों को सूचित किया, तो उनके पिता उन्हें बचाने के लिए ससुराल पहुंचे। लेकिन वहां आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए असलहे के बल पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। इस खौफनाक आपबीती को लेकर जब महिला दरोगा न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंचीं, तो अपनों को बचाने में जुटी पुलिस टालमटोल करती रही। आखिरकार, अपनी ही बिरादरी के इस रवैये से आहत होकर महिला दरोगा को धरने पर बैठना पड़ा। इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की तरफ से शिकायतें मिली हैं। महिला दरोगा की तहरीर पर ससुर, पति समेत चार लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now