उत्तर प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के 38 जिलों में मौसम बदलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी, दिल्ली से सटे इलाकों और तराई के जनपदों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि, इस मौसमी हलचल के बीच गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले तीन-चार दिनों तक बादलों की सक्रियता और रुक-रुक कर बारिश के आसार तो हैं, लेकिन इसके बावजूद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे उमस और तपिश परेशान करेगी।
इससे पहले सोमवार को प्रदेशभर में चटख धूप खिली रही, जिससे तापमान में काफी उछाल देखा गया। बांदा जिला 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और आगरा जैसे प्रमुख शहरों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया। मौसम विभाग ने विशेष रूप से श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली और झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। किसानों और आम जनमानस को सलाह दी गई है कि वे गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। तराई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहने से कहीं-कहीं आंधी का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






