एक्सीडेंट के पीछे छिपा था हत्या का खौफनाक राज, पुलिस ने ट्रक चालक को दबोचा

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। जनपद की घोरावल पुलिस ने करीब चार महीने पहले हुए एक सड़क हादसे की गुत्थी सुलझाते हुए इसे हत्या का सुनियोजित षड्यंत्र करार दिया है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त और ट्रक चालक अभय पाल को शुक्रवार सुबह गुरेठ मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त ने कबूल किया है कि यह महज एक एक्सीडेंट नहीं था, बल्कि वर्ष 2023 में हुए एक बच्चे के कत्ल का बदला लेने के लिए रची गई मौत की साजिश थी।

घटनाक्रम के अनुसार, बीती 8 दिसंबर 2025 को घोरावल खुटहा बाईपास पर एक ट्रक ने क्रेटा कार को टक्कर मार दी थी, जिसमें पेढ़ निवासी राजेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। शुरुआत में पुलिस इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल की पड़ताल ने पूरी कहानी बदल दी। विवेचना में सामने आया कि राजेश यादव साल 2023 में 9 वर्षीय बालक अनुराग पाल के अपहरण और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था और जमानत पर बाहर आया था। अपने इकलौते बेटे की मौत का बदला लेने के लिए अनुराग के पिता मंगल पाल ने राजेश यादव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, इस हत्या को अंजाम देने के लिए बाकायदा राजगढ़ क्षेत्र से एक पुराना ट्रक 4.30 लाख रुपये में खरीदा गया और उसे अभियुक्त अभय पाल के घर खड़ा कर दिया गया। घटना के दिन मंगल पाल ने खुद राजेश यादव की लोकेशन ट्रैक की और जैसे ही राजेश अपनी कार से तहसील के लिए निकला, अभय पाल ने ट्रक से उसे जोरदार टक्कर मार दी। वारदात के बाद अभियुक्त अपने साथी अशोक मांझी के साथ बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में काम कर रही घोरावल पुलिस की टीम ने अब इस मामले में वांछित अभय पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के साथ हेड कांस्टेबल राज सिंह राणा, सर्वजीत यादव और रामनारायण यादव की मुख्य भूमिका रही।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now