- बांग्लादेश बॉर्डर तक फैले नशीली सिरप तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, प्रयागराज से पिता-पुत्र गिरफ्तार
हर्षवर्धन,सोनभद्र: अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में काम कर रही एसआईटी ने कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए प्रयागराज से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान विनोद कुमार वर्मा और उसके पुत्र संस्कार वर्मा के रूप में हुई है, जो उदितगंज की मण्डी, थाना अतरसुइया, प्रयागराज के निवासी हैं। यह दोनों शातिर अपराधी ड्रग माफिया शुभम जायसवाल के बेहद करीबी बताए जा रहे हैं।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि यह सिंडिकेट दिल्ली की “वान्या इंटरप्राइजेज” के जरिए नशीली ‘एस्कफ कफ सिरप’ की बड़ी खेप मंगाता था। तस्करी को अंजाम देने के लिए अपराधी बेहद शातिराना तरीका अपनाते थे; वे नशीली सिरप के कार्टन को नमकीन और चिप्स के इनवॉइस पर कंटेनरों में छिपाकर बांग्लादेश सीमा (अगरतल्ला, त्रिपुरा) की ओर भेजते थे। इस नेटवर्क का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशाखोरी के लिए भारी मात्रा में कोडीन की आपूर्ति करना था। पुलिस ने बताया कि पूर्व में रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र से बरामद हुई 1,19,675 शीशियों में से लगभग 59,675 शीशियों का अवैध परिवहन इन्हीं पिता-पुत्र की जोड़ी द्वारा कराया गया था।
सोनभद्र की एसआईटी टीम ने प्रयागराज की अतरसुइया पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। इनके खिलाफ थाना रॉबर्ट्सगंज में भारतीय न्याय संहिता और एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। संस्कार वर्मा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह प्रयागराज में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में नामजद है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आर्थिक लेन-देन की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि सीमा पार फैले इस पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म किया जा सके। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय, कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय और यशवन्त सरोज शामिल रहे।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





