- CM से मिले राज्य मंत्री और BJP जिलाध्यक्ष, बघाड़ू में आदिवासियों की जमीन से कब्जा व पनौरा में आवंटित पट्टा रद्द करने की मांग
- समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड और भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने CM से की शिष्टाचार मुलाकात
हर्षवर्धन केसरवानी
सोनभद्र। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड और भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जनपद के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने बघाड़ू में आदिवासियों की जमीन से कब्जा और पनौरा में आवंटित पट्टा रद्द करने की मांग की।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जनपद के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। साथ ही जनपद की पारंपरिक पहचान महुआ का लड्डू भेंट कर उनका स्वागत किया। राज्यमंत्री व जिलाध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से दुद्धी क्षेत्र के बघाड़ू में जनजातीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने, डाला नगर में सीमेंट फैक्टरी से प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने, ऐतिहासिक विजयगढ़ किले पर अतिक्रमण हटाने, नगवां ब्लॉक के पनौरा ग्राम पंचायत में कथित अवैध पट्टा आवंटन निरस्त करने जैसे मुद्दे रखे। इसके अलावा जनपद में सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण, दुद्धी तहसील में उप कोषागार को पुनः संचालित करने और हाथीनाला क्षेत्र के आठ गांवों को कोतवाली दुद्धी में पुनः शामिल किए जाने की मांग भी उठाई गई।प्रतिनिधिमंडल ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया। जिलाध्यक्ष नंदलाल ने मुख्यमंत्री को जनपद की जनता की अपेक्षाओं से भी अवगत कराया और विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के सहयोग से विकास कार्यों को गति मिलेगी।






