Vinod Kumar Garg (Zonal head)
वाराणसी। कज्जाकपुरा ओवरब्रिज शुरू होने के साथ ही यातायात दबाव बढ़ने से रविवार को भी गोलगड्डा, कज्जाकपुरा और जलालीपुरा मार्ग सुबह से शाम तक जाम की चपेट में रहे। मुख्य मार्ग पर जाम होने के कारण गलियां भी चोक हो गईं। आदमपुर पुलिस और यातायात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद राहगीरों को राहत नहीं मिली। जाम का कारण आरओबी पर वाहनों का चढ़ना और जलालीपुरा की ओर से आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर कज्जाकपुरा से गोलगड्डा की ओर भेजना बताया जा रहा है।
500 मीटर के दायरे में वाहनों की रफ्तार धीमी होने के कारण जाम की स्थिति बन रही है। यातायात पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस योजना लागू नहीं की जा सकी है। कज्जाकपुरा आरओबी शुरू होने के बाद से गोलगड्डा से कज्जाकपुरा मार्ग पर स्कूली वाहन, ई-बस, पिकअप, कार, ऑटो और बाइक सवार चंद कदम की दूरी तय करने में घंटों लगा रहे हैं। हनुमान फाटक निवासी डब्लू. यादव, मनोज कुमार, बाबू सिंह और संजय साव ने बताया कि दो दिनों से लग रहे जाम के कारण दुकानदारी प्रभावित हो रही है। क्षेत्र के निवासियों को वाहन लेकर घर से निकलने में भी सोचना पड़ रहा है
कज्जाकपुरा आरओबी चालू होने से आसपास के लोगों के साथ ही सारनाथ की ओर जाने वाले वाहन सवार भी जाम में फंस रहे हैं। आरओबी के चालू होने से लोगों को सुगम यातायात की उम्मीद थी, लेकिन रूट डायवर्जन के कारण लोग परेशान हैं। जलालीपुरा की ओर से आने वाले ट्रैफिक को अब सीधे गोलगड्डा की ओर भेजने के बजाय कज्जाकपुरा की ओर डायवर्ट कर आगे भेजा जा रहा है। वहीं गोलगड्डा से कज्जाकपुरा और सारनाथ की ओर जाने वाले वाहनों को आरओबी पर चढ़ते समय सड़क पर रखे डिवाइडर के कारण रफ्तार धीमी करनी पड़ रही है, जिससे जाम की स्थिति बन रही है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






