Ajeet Kumar Singh (State Head)
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में अब घने सफेद कोहरे की चादर बिछ रही है. सुबह-सवेरे प्रदेश के कई शहरों में 100 से 50 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा रहा. भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने पहले ही इसकी भविष्यवाणी की थी. अनुमान है कि 15 दिसंबर को भी प्रदेश में कोहरे का यह कहर दिखाई देगा. कोहरे के कारण कई शहरों में दोपहर तक भगवान भाष्कर के दर्शन भी नहीं होंगे. उसके बाद हल्की धूप दिख सकती है. बता दें कि बीते 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस मुज्जफरनगर में रिकॉर्ड हुआ.
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 14 दिसंबर को पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी यूपी में तराई क्षेत्रों में घना कोहरा नजर आएगा. इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. रविवार को 8 जिलों में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा आ सकता है. इन जिलों में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर शामिल है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है.
यहां भी दिखेगा मध्यम कोहरा
इसके अलावा आज बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गोंडा, बाराबंकी, बरेली, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर और श्रावस्ती में भी मध्यम से हल्का कोहरा नजर आ सकता है. इसके अलावा वाराणसी और आस पास के कई जिलो में भी आज दिन की शुरुआत कोहरे से ही होगी. बात इन जिलो में तापमान की करें तो यहां अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है. हालांकि अगले 48 घंटे इसमें कोई खास बदलाव के आसार नहीं है.
लखनऊ में धीरे-धीरे बढ़ेगा कोहरा
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार की सुबह कोहरे की चादर तनी रहेगी. धीरे-धीरे यह कहर और बढ़ेगा. आज यहां न्यूनतम तापमान 12 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में थोड़ी कमी जरूर आएगी. वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो आज वहां भी सुबह सवेरे कोहरा दिखेगा. यहां न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा
तीन दिन बाद बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में अभी ठंड अपना सितम ढायेगी. अगले 3 से 4 दिनों में यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी. इससे ठंड और भी बढ़ेगी. इस दौरान दिन का तापमान भी लुढ़केगा
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






