आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विकास खंड बभनी के कम्पोजिट विद्यालय बढ़होर के प्रभारी प्रधानाध्यापक हवलदार यादव का रविवार रात आजमगढ़ स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बभनी के बेसिक शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
मूल रूप से आजमगढ़ जनपद के निवासी हवलदार यादव बभनी ब्लॉक की न्याय पंचायत बरवाटोला के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय बढ़होर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। सितंबर 2015 में उनकी नियुक्ति उच्च प्राथमिक विद्यालय बढ़होर में गणित एवं विज्ञान शिक्षक के रूप में हुई थी। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया।
उनके निधन पर खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार प्रजापति ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हवलदार यादव के निधन से शिक्षा विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





