Sonbhadra News : सेक्टर-3 टापू पर फंसे एमएससी के तीन छात्र, प्रशासन ने नाव से किया रेस्क्यू

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• पावर हाउस से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ा जलस्तर

• करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित निकाला गया बाहर

सोनभद्र । ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र के सेक्टर-3 टापू के पास रविवार शाम घूमने और सेल्फी लेने पहुंचे एमएससी के तीन छात्र अचानक जलस्तर बढ़ने से फंस गए। टापू पर पानी से घिरने के बाद घबराए छात्रों ने डायल 112 पर फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और प्रशासन व नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने नाव की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र नौगढ़ के निवासी हैं और ओबरा राजकीय महाविद्यालय में एमएससी की पढ़ाई कर रहे हैं। रविवार शाम वे घूमने और सेल्फी लेने के लिए सेक्टर-3 टापू के पास पहुंचे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे ओबरा पावर हाउस से पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। देखते ही देखते तीनों छात्र टापू पर फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर अपनी परेशानी बताई।

सूचना जिलाधिकारी तक पहुंचते ही उन्होंने ओबरा एसडीएम को तत्काल छात्रों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे। वहीं, ओबरा चौकी इंचार्ज और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी भी अपनी टीम के साथ रेस्क्यू अभियान में जुट गए। नाव की व्यवस्था करने में शाम करीब सात बज गए। इसके बाद नाव को टापू तक पहुंचाया गया और तीनों छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के बाद तहसीलदार और ओबरा चौकी इंचार्ज ने छात्रों को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की हिदायत दी। अभियान में तहसीलदार, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी, चेयरमैन प्रतिनिधि, ओबरा चौकी इंचार्ज राजू साहनी, सुनील कुमार शुक्ला, राजेश कुमार यादव, सुधांशु मिश्रा सहित नगर पंचायत के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now