आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । ओबरा नगर के चूड़ी गली में एक युवक ने घर के बंद कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की महज चार माह की दुधमुंही बेटी है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय अर्जुन पुत्र स्व0 लालचंद चूड़ी गली, ओबरा का निवासी था। वह आजीविका के लिए कभी-कभार मछली बेचने का काम करता था। वर्ष 2024 में उसकी शादी गुंजन से हुई थी। दंपती की चार माह की एक बेटी है। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी अपने मायके वाराणसी चली गई थी और पिछले करीब तीन महीने से वहीं रह रही थी।
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले अर्जुन को रेलवे लाइन की तरफ देखा गया था। इसके बाद वह घर पहुंचा और कमरे को अंदर से बंद कर साड़ी के सहारे फंदा लगा लिया। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। घटना सामने आने के बाद परिवार में मातम छा गया।
परिजनों ने बताया कि घटना के समय अर्जुन नशे की हालत में था और उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं रहता था। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





