आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• एसपी ने दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ, शिक्षकों को किया सम्मानित
सोनभद्र । सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज रॉबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान में यातायात जागरूकता माह नवम्बर-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया, जबकि राज्यमंत्री ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के गंभीर परिणामों को दर्शाते हुए लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया।
इस मौके पर राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कौशल कुमार सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसलिए यातायात नियमों को बोझ नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का माध्यम समझना होगा।
हेलमेट और सीट बेल्ट को बनाएं आदत, नशे में वाहन चलाने से बचें –
अभियान के दौरान लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और क्षमता से अधिक भार लेकर चलने से बचने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यातायात जागरूकता माह के दौरान जिले के प्रमुख चौराहों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले शिक्षक सम्मानित –
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश देने वाले विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इसके बाद राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़ ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, नियंत्रित गति और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात सुधीर कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






