Sonbhadra News : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को युवाओं में दिखा उत्साह, डीएम ने परखी पंजीकरण अभियान की रफ्तार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । लोकतंत्र में भागीदारी की पहली सीढ़ी मतदाता सूची में नाम दर्ज होना है। इसी उद्देश्य से संचालित विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान सोनभद्र में नए मतदाता बनने को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों में मतदाता सूची से वंचित पात्र नागरिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं ने फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया। अभियान की जमीनी हकीकत और पंजीकरण कार्य की प्रगति जानने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

तीन शिक्षण संस्थानों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण –

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने रॉबर्ट्सगंज स्थित पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 36, 37, 38, 39 और 40 का निरीक्षण किया। इसके बाद राजा महेश शारदा इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 21 से 26 तथा आदर्श इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 14 से 20 पर पहुंचकर शिविरों की स्थिति और पंजीकरण कार्य का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर –

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे अन्य पात्र नागरिकों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आवेदन प्रक्रिया में पात्र नागरिकों को आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। इसके लिए अभियान के दौरान प्रभावी प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रह जाए।

अधिकारियों ने भ्रमण कर परखी अभियान की प्रगति –

विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने फॉर्म-6 भरने और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति का जायजा लिया।

पात्र नागरिकों से नाम जांचने की अपील –

जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिलाओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना तथा परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो विशेष शिविर में फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर पंजीकरण कराएं।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now