Sonbhadra News : आशा विश्वकर्मा को मिली भाजपा महिला मोर्चा की कमान, कार्यकर्ताओं में उत्साह

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• महिला वोटरों तक पहुंच बनाने और संगठन को मजबूत करने की होगी चुनौती

• नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा ने बताई प्राथमिकताएं

सोनभद्र । आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने संगठन को मजबूत करने और मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बढ़ाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने महिला मोर्चा के संगठनात्मक नेतृत्व की जिम्मेदारी जिला उपाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा को सौंपकर महिला संगठन को सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्हें सोनभद्र महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। अब उनके सामने जिले में महिला मोर्चा को मजबूत करने, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने और आगामी चुनाव के मद्देनजर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की चुनौती होगी।

 

जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर आशा विश्वकर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही जिले में महिला मोर्चा को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को संगठन से जोड़ने, उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनके अधिकारों व सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए काम किया जाएगा। महिला कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गांव-गांव तक विस्तार देने की दिशा में भी पहल की जाएगी।

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महिला मतदाताओं के बीच राजनीतिक दलों की सक्रियता अहम मानी जा रही है। ऐसे में आशा विश्वकर्मा के नेतृत्व में महिला मोर्चा की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। संगठन के विस्तार के साथ महिलाओं के बीच संवाद बढ़ाना, उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराना और बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाना उनके लिए प्रमुख संगठनात्मक कार्य हो सकते हैं।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा ने कहा कि वह सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन के हित में काम करेंगी। महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से सोनभद्र में महिला मोर्चा नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now